अयोध्या। शहर के 22 वार्डों में करीब 35 करोड़ रुपये की लागत से 22 सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। अयोध्या विकास प्राधिकरण की ओर से विजन 2047 के तहत प्रस्तावित इस योजना में करीब 22 किलोमीटर लंबाई में सड़कें बनाई जाएंगी। योजना के तहत सीसी सड़क निर्माण के साथ नालियों को कवर करने का काम भी होगा। इससे शहर के अलग-अलग इलाकों में आवागमन की सुविधा बेहतर होने और सड़क किनारे खुली नालियों से होने वाली परेशानी कम होने की उम्मीद है।
शहर के कई वार्डों में खराब सड़कें और खुली नालियां लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई हैं। सड़कों पर गड्ढे और उखड़ी सतह होने से दोपहिया वाहन चालकों को संभलकर निकलना पड़ता है। पैदल चलने वालों, बुजुर्गों और बच्चों को भी दिक्कत होती है। कई जगह सड़क के किनारे खुली नालियां होने से दुर्घटना का खतरा बना रहता है। बारिश के दौरान जल निकासी प्रभावित होने पर सड़क पर पानी भरने और कीचड़ की स्थिति भी बन जाती है। इससे लोगों को घरों से निकलने और अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी होती है।
प्राधिकरण की प्रस्तावित योजना में इन समस्याओं को दूर करने पर जोर रहेगा। करीब 22 सड़कों की कुल लंबाई 22 किलोमीटर रखी गई है। इस लिहाज से प्रत्येक सड़क की औसत लंबाई करीब एक किलोमीटर होगी। सड़क और नाली बनने से स्थानीय लोगों को काफी सुविधा मिलेगी।
विजन 2047 के तहत शहर के बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने की तैयारी
- विजन 2047 के तहत शहर के बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने के लिए सड़क निर्माण की योजना तैयार की गई है। करीब 35 करोड़ रुपये की लागत से 22 सड़कों का निर्माण कराने की योजना पर काम चल रहा है।- राजेश कुमार मिश्र, सचिव, एडीए