अयोध्या। अयोध्या धाम बस अड्डे पर 51 सीटर 20 नई एसी इलेक्ट्रिक बसें पहुंच चुकी हैं, जिन्हें होली से पहले यात्रियों की सेवा में उतारने की तैयारी चल रही है। इन बसों के माध्यम से अयोध्या से लखनऊ, प्रयागराज, गोरखपुर और वाराणसी जैसे प्रमुख धार्मिक व शहरी मार्गों पर सीधी कनेक्टिविटी उपलब्ध कराई जाएगी। इन बसों के संचालन से त्योहार पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने में भी मदद मिलेगी।
नई इलेक्ट्रिक बसें आधुनिक तकनीक और सुविधाओं से लैस हैं। इनमें पूरी तरह से नियंत्रित एयर कंडीशनिंग सिस्टम, आरामदायक सीट, बेहतर सस्पेंशन, सीसीटीवी कैमरे, जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम और डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड लगे हैं। इन डिस्प्ले बोर्डों के जरिए यात्रियों को रूट, स्टॉपेज की जानकारी मिलती रहेगी। बसों में दिव्यांग यात्रियों के लिए भी सीट की व्यवस्था की गई है। सभी बसों का तकनीकी परीक्षण और ट्रायल रन कराया जा रहा है, जिससे संचालन के दौरान किसी भी तरह की दिक्कत न आए। इसके साथ ही चालकों और परिचालकों को भी बसों के संचालन से जुड़ा विशेष प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।