रुदौली। स्वामी ब्रह्मानंद वार्ड के करीमपुर स्थित देवदास तालाब का जल्द कायाकल्प होगा। इसके लिए 2.10 करोड़ रुपये का प्रस्ताव बनाया गया है। प्रस्ताव को स्वीकृति के लिए जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी के पास भेजा गया है।
15वें वित्त आयोग के तहत प्रस्तावित इस योजना में तालाब की गहराई बढ़ाने के साथ सुंदरीकरण कराया जाएगा। इसके तहत घाट, पाथवे और हरित क्षेत्र विकसित किए जाएंगे। तालाब में नालियों का गंदा पानी सीधे गिरने से रोकने के लिए वैज्ञानिक व्यवस्था भी की जाएगी। गंदे पानी को उपचारित करने के बाद ही तालाब तक पहुंचाया जाएगा।
परियोजना से तालाब को प्रदूषण मुक्त करने के साथ जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। इससे भूजल स्तर में सुधार और जलभराव की समस्या कम होने की उम्मीद है। नगरवासियों को स्वच्छ वातावरण के बीच बेहतर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध होगा।
नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी प्रेमनाथ ने बताया कि देवदास तालाब के विकास के लिए 2.10 करोड़ का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही निर्माण शुरू होगा। (संवाद)