मिल्कीपुर। इनायत नगर थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग गांव में हुए भीषण अग्निकांड में एक परिवार की गृहस्थी का सामान जलकर नष्ट हो गया है। एक गाय की जलकर मौत हो गई है। दूसरी ओर हाईटेंशन लाइन से टकराकर एक पक्षी के जलकर खेत में गिर जाने से दो किसानों की 18 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।
अछोरा गांव अंतर्गत पूरे कोकलत निवासी कपिल देव तिवारी के खेत के ऊपर से 11000 वोल्ट की लाइन गुजरी है। बुधवार सुबह 11:30 बजे अचानक उसी लाइन से एक कौवा टकरा गया और वह जलते हुए गेहूं के खेत में जा गिरा जिससे गेहूं के खेत में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। हवा के झोंकों के बीच कपिल देव तिवारी की गेहूं की 14 बीघे फसल व रामचंद्र तिवारी की चार बीघा फसल जलकर राख हो गई।
मौके पर पहुंचे अग्निशमन कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझाया। वहीं दूसरी ओर बुधवार को ही शाम करीब 4:45 बजे थाना क्षेत्र के ही ग्राम पंचायत डीह पूरे बीरबल अंतर्गत सुक्खा का पुरवा निवासी राम अक्षयबर दुबे के घर व पशुशाला में अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने उग्र रूप धारण कर लिया। उनके पशु शाला में खूंटे से बंधी गाय भी जल गई। अग्निकांड में परिवार की संपूर्ण गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया।