अयोध्या। रामनगरी में लघु उद्योग भारती की अखिल भारतीय कार्यसमिति एवं कार्यकारिणी की तीन दिवसीय बैठक रविवार से विश्व हिंदू परिषद के रामसेवक पुरम स्थित यात्री निवास में शुरू हुई। बैठक में देशभर के विभिन्न प्रांतों से करीब 160 प्रतिनिधि शामिल हुए हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल बैठक का मार्गदर्शन करेंगे।
बैठक में लघु एवं कुटीर उद्योगों से जुड़ी समस्याओं, उनके समाधान और उद्योगों के विकास की संभावनाओं पर मंथन किया जा रहा है। जिला इकाई के अध्यक्ष संजीव गोयल ने बताया कि वार्षिक कार्यसमिति की बैठक में देशभर के उद्योगों की स्थिति और उद्यमियों के सामने आने वाली समस्याओं पर चर्चा की जाती है। मंथन के बाद सुझावों का ड्राफ्ट तैयार कर केंद्र सरकार को भेजा जाता है, ताकि नीतिगत स्तर पर समस्याओं के समाधान में सहयोग मिल सके। संगठन से देशभर में करीब 50 से 60 हजार कारोबारी जुड़े हैं।
उन्होंने बताया कि सोमवार को शाम पांच से सात बजे तक उद्यमी सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें देश में उद्योगों की संभावनाओं, मौजूदा स्थिति और सुधार के उपायों पर चर्चा होगी। सम्मेलन में प्रदेश के नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी शामिल होंगे। अयोध्या मंडल से करीब 300 उद्यमियों के सम्मेलन में पहुंचने की संभावना है। बैठक आठ सितंबर तक चलेगी।