मिल्कीपुर। तहसील क्षेत्र के विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के मैदान में बुधवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इसमें 155 जोड़े सात फेरे लेकर विवाह बंधन में बंधे, जबकि दो मुस्लिम जोड़ों का निकाह संपन्न हुआ। अतिथियों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देने के साथ उपहार व प्रमाणपत्र भेंट किए। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मिल्कीपुर विधायक चंद्रभानु पासवान ने किया।
सामूहिक विवाह के लिए 185 पात्र जोड़ों का चयन किया गया था, जिनमें से 157 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। विधायक चंद्रभानु पासवान ने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। बेटियों का विवाह परिवारों पर आर्थिक बोझ न बने, इसी सोच के साथ मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना संचालित की जा रही है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डीपीआरओ नीरज कुमार सिन्हा ने की, जबकि संचालन हरिओम पांडेय ने किया। गायक विवेक पांडेय की टीम ने मांगलिक गीत प्रस्तुत किए। इस दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. प्रज्ञा पांडेय, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी मोहन त्रिपाठी, बीडीओ मिल्कीपुर हरिश्चंद्र सिंह, हैरिंग्टनगंज के बीडीओ रूप नरायन भारती, अमानीगंज के बीडीओ सूर्य प्रकाश मिश्रा, एडीओ पंचायत मिल्कीपुर सुरेंद्र कुमार राव और एडीओ समाज कल्याण मिल्कीपुर भूपेश तिवारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
सात फेरे लेकर एक-दूजे के हुए दिव्यांग जोड़े
समारोह में रायपट्टी लवंगीतारा गांव की पिंकी और हूंसेपुर गांव के आशीष भी विवाह बंधन में बंधे। दोनों दिव्यांग हैं। परिजनों के साथ पहुंचे पिंकी और आशीष का विवाह पूरे रीति-रिवाज से संपन्न कराया गया। सात फेरे लेकर दोनों ने जीवनभर सुख-दुख में एक-दूसरे का साथ निभाने का संकल्प लिया।