फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ayodhya News: तीन तहसीलों में 14 बाढ़ शरणालय और 12 चौकियां स्थापित

विज्ञापन
विज्ञापन
अयोध्या। सरयू और घाघरा के उफान पर आने से पहले ही जिला प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्यों के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। सदर, रुदौली और सोहावल तहसील के 18 गांवों की सुरक्षा के लिए 14 बाढ़ शरणालय और 12 बाढ़ चौकियां स्थापित की जा रही हैं। जल पुलिस ने 150 नावों को चिह्नित किया है, जो बाढ़ के दौरान बचाव कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री और लंच पैकेट के वितरण के लिए टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
विज्ञापन




पिछले साल अयोध्या में बाढ़ ने 14 गांवों को प्रभावित किया था। सोहावल तहसील का माझा कला गांव, रुदौली का कैथी माझा और सदर तहसील के पूरा बाजार के निचले इलाके बाढ़ की चपेट में सबसे ज्यादा आते हैं। इन क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। सीएमओ ने 35 चिकित्सा टीमें और मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने 21 टीमें तैनात करने की तैयारी की है। ये टीमें बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं और पशुओं की देखभाल सुनिश्चित करेंगी।


बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री और लंच पैकेट देने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हो गई है। टेक्निकल टेंडर खुल चुका है जबकि फाइनेंशियल टेंडर की प्रक्रिया जल्द पूरी होगी। जिला प्रशासन ने बाढ़ चौकियों पर राजस्व कर्मियों और लेखपालों की ड्यूटी लगाई है, जो लगातार स्थिति पर नजर रख रहे हैं। कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रहता है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। होमगार्ड और अन्य कर्मियों की तैनाती भी सुनिश्चित की गई है।
विज्ञापन


बाढ़ से निपटने की तैयारियों का जायजा लेने के लिए 26 जून को जिले की तीन तहसीलों सदर, रुदौली और सोहावल में मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। सोहावल के आदर्श बाढ़ शरणालय पर विशेष प्रदर्शन होगा। इसमें बचाव और राहत कार्यों की प्रक्रिया का अभ्यास किया जाएगा। इस दौरान यह भी देखा जाएगा कि आठ घंटे के भीतर गांवों को खाली कराने की क्षमता कितनी है। सदर तहसील में मुनादी कराकर लोगों को जागरूक किया जाएगा, ताकि वे बाढ़ की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर पहुंच सकें।



जिला आपदा विशेषज्ञ अधिकारी यथार्थ तिवारी ने बताया कि प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में नदियों के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पिछले साल की बाढ़ को देखते हुए इस बार विशेष सतर्कता बरती जा रही है। रुदौली के कैथी माझा और सदर के पूरा बाजार जैसे संवेदनशील इलाकों में विशेष ध्यान दिया जा रहा है। किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें