अयोध्या। लोक सेवा आयोग की ओर से जिले के 27 केंद्रों पर रविवार को सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा और सहायक वन संरक्षक/क्षेत्रीय वन अधिकारी सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा आयोजित होगी। जिला प्रशासन ने आयोग के मार्गदर्शन में इसकी सभी तैयारी पूरी कर ली है। इस परीक्षा में 11,952 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसके लिए सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर दी गई है।
पीसीएस प्री परीक्षा दो पालियों में सुबह 9.30 से 11.30 बजे तक और दूसरी पाली में दोपहर 2.30 से 4.30 बजे तक आयोजित होगी। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय की ओर से परीक्षा के लिए शहर के साथ बीकापुर, सेवरा, गोसाईगंज व रामगंज में इंटर कॉलेजों को केंद्र बनाया गया है। इसके अलावा डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय और साकेत कॉलेज के तीन-तीन ब्लॉकों में भी केंद्र बनाए गए हैं। एडीएम एफआर महेंद्र प्रताप सिंह की ओर से परीक्षा के लिए सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर दी गई है।
डीआईओएस डॉ. पवन कुमार तिवारी ने बताया कि हर परीक्षा केंद्र पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टैटिक मजिस्ट्रेट के साथ केंद्र व्यवस्थापकों की तैनाती की गई है। पुलिस फोर्स भी मुस्तैद रहेगी। पहली बार इस परीक्षा के लिए कक्ष पर्यवेक्षकों को दो बार प्रशिक्षण दिया गया है। परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता के लिए एआई आधारित मॉनीटरिंग सिस्टम विकसित किया गया है। लोक सेवा आयोग की टीम पिछले एक सप्ताह से जिले में डेरा डाले हुए है। सभी तैयारियों और इंतजामों पर उनकी पैनी नजर है।
सघन जांच व तलाशी की प्रक्रिया से गुजरने के बाद मिलेगा प्रवेश
परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को सुबह आठ से 8.30 बजे के बीच प्रवेश दिया जाएगा। सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में परीक्षा होगी। प्रत्येक अभ्यर्थी को बायोमीट्रिक और आइरिश स्कैन कैप्चरिंग के साथ हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर से सघन जांच व तलाशी की प्रक्रिया से गुजरने के बाद ही परीक्षा कक्षों में प्रवेश मिल सकेगा। महिला अभ्यर्थियों की तलाशी के लिए अलग से घेरा बनाया जाएगा। लाइव सीसीटीवी निगरानी के लिए हर परीक्षा केंद्र पर डिस्प्ले यूनिट लगाई जाएगी।