अयोध्या। राम मंदिर परिसर में निर्माणाधीन 11 मीटर ऊंचे हुतात्मा स्मारक का निर्माण लगभग पूरा हो गया है। रामजन्मभूमि परिसर में सप्तर्षि मंदिर के पास बनाए जा रहे इस स्मारक का आधार ढांचा तैयार कर लिया गया है। अब इसके बाहरी हिस्से पर झांसी के प्रसिद्ध रेड ग्रेनाइट पत्थरों की सज्जा की जा रही, जिससे इसे भव्य और आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा।
यह स्मारक राम मंदिर आंदोलन के दौरान बलिदान देने वाले कारसेवकों और 500 वर्षों तक चले संघर्ष की स्मृतियों को समर्पित होगा। राम मंदिर ट्रस्ट की ओर से इसका निर्माण कराया जा रहा है। ट्रस्ट के अनुसार यह केवल एक स्थापत्य संरचना नहीं, बल्कि आस्था, संघर्ष और समर्पण का प्रतीक बनेगा। राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने बताया कि हुतात्मा स्मारक विशेष रूप से 1990 के दशक में राम मंदिर आंदोलन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले कारसेवकों की याद में तैयार किया गया है। यहां आने वाले श्रद्धालु आंदोलन के इतिहास, संघर्ष और बलिदान की गाथा को स्मरण कर सकेंगे।
नृपेंद्र मिश्र ने बताया कि राम मंदिर परिसर में मुख्य मंदिर, परकोटा, उप मंदिरों और अन्य सुविधाओं के साथ इस स्मारक का निर्माण भी तेजी से कराया गया है। इसके तैयार होने से श्रद्धालुओं को दर्शन के साथ-साथ आंदोलन के ऐतिहासिक पक्ष को जानने का अवसर मिलेगा। यह स्मारक आने वाली पीढ़ियों को बताएगा कि राम मंदिर निर्माण केवल एक स्थापत्य उपलब्धि नहीं, बल्कि लंबे संघर्ष, विश्वास और बलिदान का परिणाम है।