अयोध्या। लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण की अधिसूचना जारी होने के साथ ही प्रत्याशियों की ओर से नामांकन की प्रक्रिया जारी है। बृहस्पतिवार को 54-फैजाबाद लोकसभा क्षेत्र से बसपा और भाकपा समेत 11 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान कलेक्ट्रेट परिसर के भीतर और बाहर सुरक्षा के विशेष इंतजाम रहे। बसपा प्रत्याशी ने मकबरा से गांधी पार्क तक जुलूस निकाला।
बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी सच्चिदानंद पांडेय ने दो सेट में नामांकन पत्र दाखिल किया। वे इसके पहले भी नामांकन का एक सेट दाखिल कर चुके हैं। उनके साथ प्रस्तावक के रूप में मंडल प्रभारी महेंद्र आनंद के अलावा जिलाध्यक्ष केके पासी और वरिष्ठ नेता व बड़ी देवकाली के महंत सुनील पाठक मौजूद रहे।
इसी तरह भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के प्रत्याशी अरविंद सेन ने एक सेट में नामांकन किया। उनकी ओर से शुक्रवार को जुलूस निकालकर दो सेट में नामांकन फिर से किया जाएगा। इनके नामांकन के दौरान पार्टी के जिला सचिव अशोक तिवारी, वरिष्ठ नेता सूर्यकांत पांडेय, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष रामतीरथ पाठक व पूर्व प्रमुख राम लल्लन कोरी मौजूद रहे।
इनके अलावा अखिल भारतीय कल्याण दल के जगत सिंह ने एक सेट में, भारतीय जन जन पार्टी के राजित राम ने एक सेट, निर्दलीय लालमणि ने एक सेट, लोकतांत्रिक लोकराज्यम पार्टी के अश्वनी पांडेय ने दो सेट, निर्दलीय अरुण कुमार ने एक सेट, राष्ट्रीय जनशक्ति पार्टी के अनिल रावत ने एक सेट, मौलिक अधिकार पार्टी की कंचन ने एक सेट, निर्दलीय पवन तिवारी ने एक सेट व बहुजन मुक्ति पार्टी के फरीद सलमानी ने एक सेट में नामांकन पत्र दाखिल किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी नितीश कुमार ने बताया कि चार प्रत्याशियों व प्रतिनिधियों ने एक-एक सेट नामांकन फार्म लिए। इस प्रकार अब तक विभिन्न प्रत्याशियों की ओर से नामांकन पत्र के 50 सेट लिए गए हैं। नामांकन कक्ष में सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक नामांकन की प्रक्रिया चलती रही। इस दौरान सहायक रिटर्निंग ऑफिसर राजकुमार पांडेय समेत नामांकन व चुनावी प्रक्रिया से जुड़े अन्य अधिकारी मौजूद रहे।