अयोध्या। भाजपा की राम दर्शन यात्रा में रोज आने वाले 25 हजार रामभक्तों को देश के 100 ट्रस्ट और स्वयंसेवी संस्थाएं अयोध्या धाम में 18 स्थानों पर भंडारे कराएंगे। जिस दिन जिस प्रांत के श्रद्धालु आएंगे, वहीं की भाषा में पांच बड़े और 10 छोटे मंचों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। यह जानकारी भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग ने सोमवार को दी।
उन्होंने यहां होटल सरयू में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और पर्यटन व संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह की मौजूदगी में तैयारियों की समीक्षा की। इसमें यात्रा की व्यवस्था से जुड़े पार्टी पदाधिकारियों के साथ विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में चुग ने कहा कि राम दर्शन यात्रा के दौरान होने वाले सभी सांस्कृतिक कार्यक्रमों और उसमें प्रस्तुति देने वाले कलाकारों के बारे में डिजिटल माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। इन कार्यक्रमों से ऐसे वातावरण का निर्माण हो कि देश के विभिन्न प्रांतों से आने वाले श्रद्धालु राम और अयोध्या को बेहतर ढंग से समझ सकें।
बैठक से पहले राष्ट्रीय महासचिव ने भंडारों के संभावित स्थलों और रामभक्तों को ठहराने के लिए बनाई जा रही टेंट सिटी का निरीक्षण किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के मंचों का भी जायजा लिया। बैठक में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष व एमएलसी मानवेंद्र सिंह, प्रदेश महामंत्री राम प्रताप सिंह, जिला प्रभारी मिथिलेश त्रिपाठी, जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष अवधेश पांडेय बादल, आवास व्यवस्था प्रभारी अभिषेक मिश्र व कमिश्नर गौरव दयाल समेत विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।