दिबियापुर। दोस्त के साथ ताऊ के घर दिबियापुर दूध देने जा रहे युवक की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे बने ट्री-गार्ड से टकरा गई। हादसे में दोनों युवक घायल हो गए। यूपी 112 पुलिस ने घायलों को सीएचसी दिबियापुर ले गई। जहां डाक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया।
फफूंद थाना क्षेत्र के पुरवा आशा निवासी अभिषेक यादव (18) पुत्र रामपाल अपने दोस्त विनय कुमार के साथ बाइक से दिबियापुर अपने ताऊ वीरपाल के घर दूध देने जा रहा था। पाता-दिबियापुर के बीच नहर किनारे उसकी बाइक अचानक बेकाबू होकर ट्री-गार्ड से जा टकरा गई। हेलमेट न लगाए होने से दोनों के सिर में गंभीर चोटें आईं। राहगीरों की सूचना पर पहुंची यूपी 112 पुलिस दोनों को दिबियापुर सीएचसी ले गई।
वहां अभिषेक को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। दूसरे घायल विनय की हालत गंभीर देख प्राथमिक उपचार के बाद सैफई रेफर कर दिया। पिता रामपाल ने बताया कि बेटा अभिषेक रामगढ़ क्षेत्र के एक महाविद्यालय में बीएससी प्रथम वर्ष का छात्र था। वह प्रतिदिन दिबियापुर निवासी अपने ताऊ के घर दूध देने जाता था। थाना प्रभारी राकेश शर्मा ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
अस्पताल में बैठे गमगीन पिता व अन्य परिजन। संवाद- फोटो : AURAIYA
घायल विनय। संवाद- फोटो : AURAIYA