दिबियापुर। फफूंद और कंचौसी रेलवे स्टेशनों के बीच गांव कसहा के पास एक युवक की ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई। पास में ही मृतक की साइकिल खड़ी मिली। काफी प्रयासों के बावजूद शव की शिनाख्त नहीं हो पाई।
गुरुवार की सुबह तकरीबन 10 बजे रेलवे लाइन के किनारे लोगों ने एक युवक का शव पड़ा देखा। रेलवे ट्रैक के किनारे ही एक साइकिल खड़ी मिली। मृतक के किसी ट्रेन की चपेट में आकर कटने की सूचना पर दिबियापुर थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश बाबू चौहान, कंचौसी चौकी प्रभारी ज्ञानेंद्र एवं पुलिस बल मौके पर पहुंचा। शिनाख्त के लिए काफी प्रयास किए, लेकिन शिनाख्त न होने पर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया। प्रभारी निरीक्षक मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 25 वर्ष है। काफी प्रयासों के बाद भी शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है।