संवाद न्यूज एजेंसी
दिबियापुर। कानपुर से इटावा की ओर जा रही मेमू पैसेंजर ट्रेन में उल्टी साइड से चढ़ते समय नगर निवासी प्लंबर अचानक गिर गया। उसकी ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। दो दिन पहले ही युवक के गले में संदिग्ध अवस्था में धारदार हथियार से गहरी चोट आ गई थी। यात्रियों के बीच युवक की आत्महत्या किए जाने की भी चर्चा रही।
कानपुर से इटावा जा रही 04159 अप मेमू सुबह तकरीबन सवा नौ बजे फफूंद रेलवे स्टेशन पर रुकी। इसके बाद जैसे ही चलने लगी। यात्रियों ने शोर मचाना शुरू कर दिया कि एक यात्री ट्रेन की चपेट में आ गया है। ट्रेन के गार्ड की सूचना पर पहुची जीआरपी ने युवक को रेलवे ट्रैक से हटाया, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। रेलवे स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने शव की शिनाख्त दिबियापुर के संजय नगर निवासी बृजेश (40) के रूप में की।
जीआरपी ने परिजनों को सूचना दी तो परिजन रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। यहां पर बहन बबली, भाइयों में वकील एवं रामकुमार व मां रामजानकी ने शव की शिनाख्त की। परिजनों ने बताया कि मृतक नल फिटिंग का काम करता था। यहां बता दें कि दो दिन पहले 17 अप्रैल को मृतक की गर्दन में संदिग्ध परिस्थितियों में काफी गहरा घाव हो गया था। घायल को दिबियापुर सीएचसी से उसे सैफई रेफर कर दिया गया था।
वह बुधवार को ही उपचार कराकर घर लौटा था। फफूंद रेलवे स्टेशन के जीआरपी चौकी प्रभारी देवेंद्र सिंह के अनुसार ट्रेन के गार्ड ने सूचना दी थी कि ट्रेन पर उल्टी दिशा में चढ़ते समय युवक ट्रेन की चपेट में आ गया। मृतक के परिजन यह नहीं बता सके कि वह ट्रेन से कहां जा रहा था। मृतक के पास कोई टिकट नहीं मिला है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।