रेलवे स्टेशन फफूंद के प्लेटफार्म पर बैठे युवक ने मालगाड़ी के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। शाम तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। माना जा रहा है कि मृतक दिबियापुर के आसपास का ही है।
मंगलवार सुबह लगभग साढ़े 10 बजे प्लेटफार्म संख्या दो पर दिल्ली की ओर से मालगाड़ी आती देख प्लेटफार्म पर बैठे युवक ने रेल ट्रैक पर कूदकर जान दे दी। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद मालगाड़ी के पायलट ने मालगाड़ी को इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रोक दिया। लगभग 10 मिनट बाद मालगाड़ी को गंतव्य की ओर रवाना किया गया।
जीआरपी चौकी प्रभारी देवेंद्र सिंह के अनुसार शाम तक शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। शव को शिनाख्त के लिए पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया गया है। मृतक की उम्र लगभग 30 वर्षीय बताई गई। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का है। (संवाद)