संवाद न्यूज एजेंसी
औरैया। शहर में दिबियापुर रोड स्थित शहीद पार्क के सामने खड़ी बाइक चोरी कर भाग रहा युवक ट्रैक्टर से जा टकराया। हादसे की जानकारी पर भीड़ एकत्र हो गई। इसी बीच चोर मौके से भाग निकला। कुछ देर बाद पहुंचे मैनपुरी निवासी युवक ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को अपनी बाइक बताया। हादसे की जानकारी पर पहुंची पुलिस जांच कर रही है।
कुरावली मैनपुरी निवासी दिलीप श्रीवास्तव ने बताया कि शहर के बनारसीदास मोहल्ला निवासी सतीश कुमार के उसकी ससुराल है। गुरुवार को वह ससुराल आया था। शाम को बच्चों के कहने पर वह उन्हें शहीद पार्क घुमाने बाइक से आया था। पार्क के बाहर बाइक खड़ी कर दी और बच्चों के साथ अंदर चला गया। थोड़ी देर के बाद जब शोरगुल हुआ तो अन्य लोगों के साथ वह भी बाहर आया। जहां उसने अपनी बाइक को ट्रैक्टर के नीचे दबा पाया।
दिलीप ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति उसकी बाइक के ताले तोड़कर ले जा रहा था, लेकिन ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। जिससे उसकी बाइक सुरक्षित बच गई। कोतवाली प्रभारी पंकज मिश्रा ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।