बिधूना (औरैया)। उमर्दा नहर में डूबे युवक का शव रविवार को मिल गया। मौके पर मौजूद कन्नौज पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बिधूना क्षेत्र के गांव सिंगी शिवरा में कथा के समापन के बाद ग्रामीण शनिवार को कन्नौज जिले में उमर्दा नहर में सादिक पुल के पास सामग्री का विसर्जन करने गए थे। इस दौरान श्रद्धालु नहर में नहा कर रहे थे कि तभी गांव निवासी सुरजीत (28) पुत्र विश्वनाथ डूब गया था। पुलिस व गोताखोरों ने देर शाम तक उसे ढूंढने का प्रयास किया लेकिन उसका पता नहीं चला। ग्रामीणों ने रविवार सुबह फिर युवक को ढूंढने का प्रयास किया, तो उसका शव सादिक पुल के पास मिल गया। युवक का शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।