दिबियापुर। सारी पापा, मैं गलत नहीं हूं। इन लोगों ने डरा कर रखा है कि पुलिस और कोर्ट में इनकी चलती है। आप लोग बहुत अच्छे मां पापा हैं। अगले जन्म मुझे फिर आपके पास आना है, बस अबकी बार शादी मत करना। शनिवार देर रात उमरी निवासी मृतक अमित उर्फ दीपू ने अपने पिता रामप्रकाश को यह मैसेज व्हाट्स एप पर किया है। अमित का शव घर में फंदे पर लटका मिला था। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर पत्नी, सास व ससुर को गिरफ्तार किया है।
शनिवार रात लगभग 12:35 बजे पर अमित ने अपने पिता के व्हाट्स एप पर मैसेज करने शुरू किए और लगभग 12:44 बजे तक लगातार मैसेज करता रहा। यह मैसेज अमित की उधेड़ बुन को दर्शाते नजर आ रहे थे। मैसेज में साफ है कि वह अपने ससुराल वालों से आजिज आ चुका था।
इन मैसेज का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी इन मैसेज संबंधी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। वीडियो में मृतक अमित के पिता को भेजे गए संदेश दिखाई दे रहे हैं। इनमें अमित की तरफ से लिखा है कि रचना (पत्नी) और इसकी मां डायन हैं। पापा यह सबको खा जाएगी।
पापा यह लोग मुझे मार डालेंगे और मेरा मोबाइल तोड़ देंगे। इसलिए मोबाइल को भगवान वाले कमरे में डाल रहा हूं। पापा आप लोगों को भगाने के बाद भी यह लोग शांत नहीं हैं। पापा यह लोग कल मुझे मारने आ रहे हैं। सुबह यह लोग मुझे मार डालेंगे और आप लोगों को फंसा देंगे। पापा मैं इन लोगों से बहुत डर गया हूं।
इसके बाद अगले दिन सुबह अमित का शव फंदे पर लटका मिला। मृतक अमित और उसकी पत्नी रचना के बीच कलह के कारण दो दिन पहले मृतक के पिता रामप्रकाश अपनी पत्नी शकुंतला के साथ अपने छोटे भाई के घर लखनऊ चले गए थे। घर पर अमित, उसकी पत्नी और चार वर्षीय बेटी अनन्या थी।
पिता रामप्रकाश ने पुत्र अमित की मौत पर बहू रचना देवी, सास कमला देवी, ससुर फिरोज, साले संजय निवासी जालौन चौराहा, औरैया के खिलाफ पुत्र को आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने रचना, कमला देवी और फिरोज को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी चारू निगम ने बताया कि अमित के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग आया है। पिता ने व्हाट्सएप मैसेज दिखाए हैं।
शादी के बाद से ही शुरू हो गई थी कलह
अमित की पत्नी रचना ने एक वर्ष पहले पति और ससुरालियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया था। मुकदमा न्यायालय में विचाराधीन था पर लगभग सात माह पहले अमित आपसी समझौता कर ससुराल से पत्नी रचना को घर ले आया था। पिता रामप्रकाश के अनुसार, लगभग छह वर्ष पहले शादी के बाद से ही बहू रचना ने घरेलू कलह शुरू कर दी थी। बेटा समझौता कर बिना कलह का जीवन जीना चाहता था। इसलिए वह रचना को घर ले आया था। उसके बेटे को क्या पता था, रचना से समझौता के कारण उसे अपनी जिंदगी से समझौता करना पड़ेगा।
फोटो-14एयूआरपी-35- पुलिस हिरासत में पत्नी,सास व ससुर। संवाद- फोटो : AURAIYA