मांगों को लेकर दिबियापुर सीएचसी के कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार कर दिया। इसके चलते लगभग दो घंटों तक मरीजों को पर्ची से लेकर दवाइयां मिलना बंद रहा। सीएचसी अधीक्षक डा. जितेंद्र कुमार के आश्वासन पर सभी कर्मी काम पर वापस लौटे।
दिबियापुर सीएचसी की एएनएम एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने आरोप लगाया कि वर्ष 2013 एवं 2015 का डीए, एरियर व बोनस नहीं दिया जा रहा है। इसके साथ ही जीपीएफ की पासबुक, सर्विस बुक अपडेट नहीं हो रही। इसके लिए पिछले महीने सीएमओ औरैया को पत्र देकर मांग की गई थी कि यदि उनके बकाया देयकों का भुगतान न किया गया तो कार्य बहिष्कार करेंगे।
15 दिन में सभी बकाया दिए जाने का आश्वासन दिया गया था। इसके बावजूद कुछ नहीं मिला। इसके चलते शनिवार सुबह करीब 8 बजे से स्वास्थ्य कर्मियों ने कार्य बहिष्कार कर दिया। पर्ची बनने से लेकर दवाइयों का वितरण भी बंद हो गया। यहां आने वाले मरीज परेशान हो गए। आनन-फानन बाबू को बुलवाया गया।
यहां पर सीएचसी अधीक्षक डा. जितेंद्र कुमार ने आक्रोशित स्वास्थ्य कर्मियों को आश्वासन दिया कि 10 दिनों में सभी बकायों का भुगतान उनके खातों में पहुंच जाएगा। इसके बाद करीब 10 बजे सभी स्वास्थ्य कर्मियों ने कार्य बहिष्कार समाप्त किया। सीएचसी अधीक्षक डा. जितेंद्र कुमार के अनुसार, पहले बजट ऑडिट एवं फिर बजट की कमी के चलते बकाये का भुगतान नहीं हुआ था। 10 दिनों के अंदर भुगतान हो जाएगा।