औरैया। जिले में पेट्रोलियम तेल और गैस के भंडार की तलाश में केंद्र सरकार से नामित हैदराबाद की कंपनी एल्फा जियो इंडिया लिमिटेड ने काम शुरू कर दिया है।
पहले चरण में अछल्दा में काम चल रहा है। जल्द ही औरैया, अजीतमल और बिधूना में भी काम शुरू किया जाएगा। इसके लिए प्रशासन को भी सूचित किया गया है।
केंद्र सरकार की ओर से मिशन अन्वेषण के तहत गंगा पंजाब बेसिन में पेट्रोलियम तेल और गैस की खोज के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए हैदराबाद की कंपनी तकनीकी का प्रयोग कर 2डी भूकंपीय डेटा जमा कर रही है।
इसके माध्यम से ही भूगर्भ में तेल और गैस के भंडार का पता लगाया जा रहा है। इसके लिए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजने के साथ ही थानों को भी सूचित किया गया है। साथ ही यह भी आश्वस्त किया गया है इससे किसी भी पशु-पक्षी को नुकसान नहीं पहुंचेगा।
कार्य के फील्ड इंचार्ज संतोष मौर्य की देखरेख में अछल्दा के गांवों बमौली, छछूंद, नगला दुंदे आदि में यह कार्य शुरू भी कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि इसके तहत जमीन के भीतर 100 फीट तक छेद करके उसमें हल्का बारूद डालकर ब्लास्ट किया जाता है। इसके कंपन से उत्पन्न तरंगों के माध्यम से डिवाइस भूगर्भ के भीतर की तस्वीर तैयार करती है।
इसके अनुसार ही यह पता लगाया जाता है कि कहीं पेट्रोलियम तेल और गैस का भंडार है या नहीं। हालांकि अब तक कहीं इसका भंडार मिला या नहीं इसकी जानकारी उन्होंने साझा करने से इन्कार कर दिया।
उन्होंने बताया कि यह जानकारी सीधे केंद्र सरकार को ही भेजी जाएगी। उधर, तेल और गैस के भंडार की खोज की चर्चा से ग्रामीणों में भी उत्साह है। जहां भी कंपनी की ओर से खोज कार्य किया जा रहा है उसे देखने के लिए ग्रामीण पहुंच रहे हैं।
फोटो-16-अछल्दा क्षेत्र में तेल और गैस की तलाश के लिए बोरिंग करते कर्मचारी। संवाद