औरैया। महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए संचालित समूहों को अब टोकरी व धूपबत्ती के कारोबार से जोड़ा जाएगा। इसके लिए अप्रैल में ब्लॉक स्तर पर प्रशिक्षण का आयोजन किया जाएगा। ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को इस काम में दक्ष बनाया जाएगा। साथ ही मार्केटिंग के तौर तरीके भी सिखाए जाएंगे।
टोकरी की मांग सहालग सीजन में अच्छी खासी होती है। यही नहीं, घरेलू कार्यों में टोकरी की जरूरत आम होती है। इसके साथ ही पूजन सामग्री के तौर पर प्रयोग की जाने वाली धूपबत्ती का प्रयोग भी हर घर में होता है। इन दोनों वस्तुओं के कारोबार से अब स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को जोड़ा जाएगा।
थोक कारोबारियों से इन महिलाओं के अनुबंध भी कराए जाएंगे, जिससे खुले बाजार में इस देसी आइटम की बिक्री में उछाल लाया जा सके। एनआरएलएम डीसी एसएन सिंह ने बताया कि ब्लॉक स्तर पर टोकरी व धूपबत्ती निर्माण की कार्यशाला कराई जाएगी। ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को इस कारोबार से जोड़ने की तैयारी बनाई गई है। महिलाओं को मार्केटिंग से लेकर अन्य जरूरी जानकारी भी दी जाएगी। उनके कारोबार को बढ़ाने के लिए ऋण भी दिलाया जाएगा।