औरैया। राष्ट्रीय आजीविका मिशन के तहत जिले की महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की कवायद धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ रही है। अछल्दा ब्लॉक में स्वयं सहायता समूह की महिलाएं अब फिनाइल व हाथ धोने के लिए हैंडवॉश बनाएंगी। उनके उत्पादों की ऑनलाइन मार्केटिंग होगी।
अछल्दा ब्लॉक में राष्ट्रीय आजीविका मिशन से संचालित समूह की 35 महिलाओं को फिनाइल व हाथ धोने वाले उत्पाद बनाने का प्रशिक्षण दिया गया है। अब एनआरएलएम की ओर से उनके इस उत्पाद को ऑनलाइन मार्केट में उतारने की तैयारी बनाई जा रही है। पैकेजिंग को नाम देने से लेकर इसकी ब्रांडिंग भी कराई जाएगी। इसके लिए जरूरी कागजात तैयार कराए जा रहे हैं। दो माह के अंदर महिलाओं को इस व्यवसाय से जोड़ने की तैयारी कर ली गई है।
एनआरएलएम डीसी एसएन सिंह ने बताया कि अछल्दा में 35 महिलाओं को फिनाइल व हैंडवॉश उत्पाद बनाने का प्रशिक्षण दिया गया है। उनके इस उत्पाद को बाजार में उतारने को लेकर जरूरी मानकों पर काम शुरू करा दिया गया है।