औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला तिलक नगर में बाइक सवारों ने महिला की चेन लूट ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी के फुटेज खंगाले हैं।
सोमवार दोपहर 12 बजे मोहल्ला सत्तेश्वर निवासी मीना तिवारी अन्य महिलाओं के साथ धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने तिलक नगर जा रहीं थीं। रास्ते में हॉस्पिटल के पास हाईवे की तरफ से एक बाइक आई। इसमें सवार दो युवकों ने उनकी सोने की चेन व मंगलसूत्र लूट लिया। इससे पहले कि मीना कुछ समझ पातीं, दोनों भाग गए। मंगल सूत्र वहीं गिर गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने कोतवाली पुलिस को घटना की सूचना दी। सीओ सिटी सुरेंद्रनाथ यादव ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपी भी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
पहले भी हो चुकीं दो घटनाएं
इस मार्ग पर पूर्व में भी चेन स्नेचिंग की दो घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बाद भी पुलिस यहां गश्त नहीं करती। बाइकर्स गैंग के लुटेरे अक्सर यहां घटना को अंजाम देकर भाग जाते हैं।