औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पढ़ीन दरवाजा निवासी एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में अपने घर के अंदर फंदे से लटका मिला। सूचना पर आस पड़ोस के लोगों ने उसे 50 शैया जिला अस्पताल में भिजवाया। जहां पर डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मोहल्ला पढ़ीन दरवाजा निवासी सुरभि (29) पत्नी मोहन की शादी करीब चार साल पहले हुई थी। मृतक महिला जनपद मुरैना मध्य प्रदेश की रहने वाली है। महिला का पति अहमदाबाद में पुताई का काम करता है। मृतका के एक साल का बच्चा भी है। गुरुवार को घर पर कोई नहीं था। उसी दौरान महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जब महिला की सास घर पर पहुंची तो उसने सुरभि को फंदे पर लटका हुआ देखा।
महिला के छोटे बेटे ने आस पड़ोस के लोगों के मदद से भाभी के शव को उतारकर 50 शैया जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर डाॅक्टर ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। मौत की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी गई। सदर कोतवाली पुलिस व सीओ महेंद्र प्रताप ने घटना की जांच पड़ताल की। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि सुरभि का पति मोहन अभी अहमदाबाद में ही है। मौत के पीछे की वजह की कोई जानकारी हासिल नहीं हो सकी है। वहीं सदर कोतवाल भूपेंद्र राठी ने बताया कि मृतका के घर पहुंचकर घटना की जांच पड़ताल करते हुए साक्ष्य जुटाए गए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
-
महिला ने बुजुर्ग दंपती को पीटा, वीडियो वायरल
औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत मुंसिफ कोर्ट के समीप गुरुवार की दोपहर में हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। इसमें महिला द्वारा कार में बैठी हुई बुजुर्ग महिला व एक बुजुर्ग व्यक्ति को दौड़कर पीटती हुई नजर आ रही है।
हद तो तब हो गई जब महिला ने कार में बैठी बुजुर्ग महिला की साड़ी फाड़ दी और उसे थप्पड़ जड़ दिए। यह नजारा देख वहां पर लोगों की भारी भीड़ एकत्रित हो गई और किसी ने यह वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होते ही पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है। फिलहाल कि मामले की जानकारी तो नहीं मिली कि महिला द्वारा बुजुर्ग दंपति के साथ मारपीट क्यों की गई।
वहीं लोगों ने अनुमान लगाया है कोर्ट पर तारीख के दौरान आने के बाद यह विवाद की स्थिति बनी। इसमें महिला ने बुजुर्ग दंपति के साथ मारपीट की, जोकि महिला के सास ससुर बताए गए।(संवाद)