एरवाकटरा। थाना क्षेत्र के गांव हरचंदापुर में शनिवार तड़के एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थिति में घर के अंदर कमरे में साड़ी के फंदे से लटका मिला। बच्चों के साथ घर के बरामदे में लेटा पति आंख खुलने पर जब कमरे में पहुंचा तो शव को देख बिलख पड़ा। रोने की आवाज सुन पड़ोसियों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस व फोरेंसिंक टीम ने साक्ष्य जुटाते हुए शव कब्जे में लिया।
हरचंदापुर गांव निवासी अमित कुमार खेती बाड़ी कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। शुक्रवार रात अमित अपने 15 वर्षीय पुत्र अन्नू और आठ वर्षीय पुत्री प्रांशी व मां मीना देवी के साथ बरामदे में सोए थे। वहीं 35 वर्षीय पत्नी रजनी उर्फ बबली कमरे के अंदर सोई थीं। शनिवार तड़के अमित व प्रांशी की आंख खुली तो कमरे का दरवाजा खोला तो फंदे पर रजनी का शव लटक रहा था।
रजनी का शव दो कुंडों के बीच कपड़ों को टांगने के लिए लगाए गए डंडे के सहारे बंधी साड़ी पर लटका था। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी भी दौड़े। इसी बीच अमित ने अपने ससुरालीजनों व पुलिस को सूचना दी। दोपहर में ससुरालीजन पहुंचे। इससे पहले पुलिस व फोरेंसिंक टीम पहुंची। सीओ बिधूना अशोक कुमार ने घटना के बारे में परिजनों से पूछताछ की। सीओ बिधूना अशोक कुमार ने बताया कि महिला का शव फंदे पर मिला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।