पुलिस की गिरफ्त में हत्यारोपी पति भूरे। संवाद
- फोटो : AURAIYA
बिधूना (औरैया)। कोतवाली क्षेत्र के गांव धनवाली में तीन दिन पूर्व कमरे के अंदर खून से लथपथ मिले महिला के शव के मामले में पीड़ित परिजनों के शक के बाद पैनल से पोस्टमार्टम कराने पर उसकी हत्या गला घोटकर किए जाने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं पुलिस ने मृतका के खून व उसके पति के कपड़ों पर लगे खून के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजने की बात कही है।
21 अप्रैल को बिधूना कोतवाली निरीक्षक सुजीत वर्मा ने गांव धनवाली निवासी सुनीता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद उसके पिता गया प्रसाद की तहरीर पर दामाद भूरे लाल के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की थी। पहली बार में आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट को पिता ने गलत बताकर डीएम को प्रार्थना पत्र देकर डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराए जाने की गुहार लगाई थी।
जिलाधिकारी के आदेश के बाद डॉक्टरों के पैनल से वीडियोग्राफी के साथ कराए गए दोबारा पोस्टमार्टम में सुनीता की मौत का कारण गला घोटा जाना पाया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलते ही पुलिस ने आरोपी पति भूरे लाल को रविवार सुबह 7:45 बजे धनवाली मोड़ से गिरफ्तार कर लिया।
इसके साथ ही मृतका के शरीर के निकले खून से सने कपड़ों व पति भूरे लाल के जूते व कपड़ों पर मिले खून के निशान का पुलिस ने सैंपल लिया है। दोनों के सैंपल जांच के लिए लैब भेजे जाएंगे। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुजीत वर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आरोपी पति भूरे को गिरफ्तार कर लिया गया है।