फफूंद। थाना क्षेत्र के एक गांव में खाना बनाने को लेकर एक महिला का उसके भाई से झगड़ा हो गया। गुस्से में महिला गांव के तालाब में कूद गई और डूबने लगी। मौके पर पहुंचे महिला के भाई और ग्रामीणों ने उसे बाहर निकाला और अस्पताल ले गए। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई और जानकारी की।
थाना क्षेत्र के गांव सहदुल्लापुर निवासी लक्ष्मी की शादी 2007 में अछल्दा थाना क्षेत्र के गांव हसनापुर निवासी सिंकू दोहरे से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुरालीजनों से नहीं बनने पर वह अपने मायके गांव सहदुल्लापुर में ही रह रही है। रविवार दोपहर लक्ष्मी देवी का उसके भाई दयाशंकर से खाना बनाने को लेकर झगड़ा हो गया।
इससे गुस्साई लक्ष्मी गांव के तालाब में जाकर कूद गई और पानी में डूबने लगी, लेकिन जब तक उसका भाई और अन्य ग्रामीण भी पहुंच गए और उसे पानी से बाहर निकाला। नाजुक हालत देख परिजन उसे अस्पताल ले गए। सूचना पर थाना अध्यक्ष गंगादास गौतम भी पहुंचे और परिजनों से जानकारी ली। थानाध्यक्ष ने बताया कि खाना बनाने को लेकर झगड़ा हुआ था। इससे गुस्से में आकर महिला तालाब में कूद गई। इलाज के लिए भेजा गया है। हालत ठीक है।