अयाना। थाना क्षेत्र के स्वरूप नगर में मंगलवार सुबह फोन चार्ज पर लगाने के दौरान महिला को करंट लग गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच पड़ताल के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
स्वरूप नगर निवासी सुखवीर सिंह सोमवार सुबह बाॅल खरीदने के लिए आसपास के गांवों में फेरी लगाने गया था। सास सुआ देवी के साथ बेटी पल्लवी, बेटा सौरभ व गौरव के साथ बकरी चराने गई हुई थी। घर पर सुखवीर की पत्नी पुष्पा देवी (30) अकेलीं थीं। 11 बजे के करीब घर लौटी सास व बच्चों ने पुष्पा देवी का शव कमरे में पड़ा देखा।
सास सुआ देवी ने बताया कि बहू के हाथ में चार्जर की केबल मौजूद थी। फोन चार्ज पर लगाने के दौरान करंट लगने से उसकी मौत हुई है। अनहोनी पर परिजन रोने लगे। सूचना पर पहुंचे सीओ अजीतमल राममोहन शर्मा, थाना प्रभारी जयप्रकाश ने घटनास्थल की जांच पड़ताल के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सीओ राममोहन शर्मा ने बताया कि परिजन के अनुसार करंट लगने से महिला की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह और स्पष्ट हो जाएगी।
-
करंट की चपेट में आकर नाबालिग झुलसा, रेफर
औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के आनेपुर निवासी रोहित सिंह का 12 वर्षीय पुत्र विवेक मंगलवार सुबह इटावा रोड पर सांई मंदिर के पास बकरी चराने गया था। जहां बकरी की रस्सी पास स्थित खेत में लगे कटीले तार से उलझ गई। यह देख किशोर ने मौके पर पहुंचकर कटीले तार में फंसी रस्सी निकालने का प्रयास किया। इस पर उधर टूटी पड़ी केबिल से करंट की चपेट में आ गया। जिससे हाथ में जबरदस्त झटका लगने से नाबालिग चीखता हुआ वहीं गिर गया। नाबालिग की चीख पुकार सुनकर आसपास खेतों में मौजूद किसान दौड़कर मौके पर पहुंचे। जहां नाबालिग को बेहोशी की हालत में पड़ा देख उन्होंने परिजनों को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे परिजन उसे लेकर 50 शैया युक्त जिला अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टर ने उसके झुलसे हाथ का इलाज किया।