औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव अजनपुर में एक विवाहिता की संदिग्ध हालातों में मौत हो गई। पुलिस की प्राथमिकी जांच में महिला के जहर खाने की बात सामने आई है। घटना के बाद भाई ने ससुरालीजन पर प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गांव अजनपुर निवासी विपिन कुमार की पत्नी अलका (32) की 27 फरवरी को अचानक तबीयत बिगड़ गई। ससुरालीजन उसे मेडिकल कॉलेज ले गए। वहां उपचार के बाद उसे डॉक्टर ने कानपुर के लिए रेफर कर दिया। शनिवार रात कानपुर में उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही विवाहिता के मायके गांव जनेतपुर में कोहराम मच गया।
अलका के भाई आशीष पुत्र बलवंत सिंह राजपूत ने ससुरालीजन पर हत्या का आरोप लगाया। आशीष का आरोप है कि बहन की शादी सात साल पहले हुई थी। कहा कि बहन ने खुदकुशी नहीं की, उसे जहर देकर मारा गया है। कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में जहर खाने से मौत की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट हो जाएगा। मायके पक्ष की ओर से तहरीर दी गई है। प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)