औरैया। शहर के मोहल्ला बनारसीदास में शनिवार रात एक महिला ने जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसकी बेटी उसे जिला अस्पताल ले गई। वहां से गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। देर रात उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई।
करीब तीन माह पहले महिला ने एक कथित पत्रकार पर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मोहल्ला बनारसीदास निवासी रंजना चौधरी (53) शनिवार शाम घर के बाहर किसी काम से गई थीं। देर शाम महिला घर पहुंची और सीधे लेट गईं।
बेटी रूबी कमरे में पहुंची तो उनके मुंह से झाग निकल रहा था। शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में महिला को जिला अस्पताल ले गए। वहां सुधार न होने पर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। देर रात महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार महिला के एक मामले में प्राथमिकी दर्ज कराने के नाम पर एक कथित पत्रकार अमित ने उससे रुपये लिए थे। मामला दर्ज न होने पर रुपये मांगे तो वह धमकी देने लगा। मामले में महिला की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजन के सुपुर्द कर दिया गया है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। (संवाद)