संवाद न्यूज एजेंसी
दिबियापुर। रामगढ़ में एक महिला सराफा की दुकान पर नकली चांदी की जंजीर बेचने पहुंची, लेकिन सराफा व्यापारी ने महिला की जंजीर को संदिग्ध जानकर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस महिला को पकड़कर थाने ले आई है।
गुरुवार को रामगढ़ कस्बा स्थित एक ज्वैलर्स की दुकान पर एक महिला एक जंजीर लेकर पहुंची। बताया कि जंजीर चांदी की है और बेचना चाहती है। इस पर सराफा व्यापारी ने जंजीर चेक की। जंजीर चांदी के बजाय किसी अन्य धातु की होने के कारण व्यापारी रानू ने घटना की जानकारी यूपी 112 को दी। व्यापारी ने संदेह जताया कि महिला टप्पेबाज है, उसने टप्पेबाजी करना का प्रयास किया, लेकिन वह कामयाब नहीं हो पाई।
पुलिस महिला को अपने साथ थाने ले आई है। थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि महिला के बारे में जांच की जा रही है। पूरे मामले की जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। संवाद