बेला(औरैया)। पीसीएफ केंद्र पर गेहूं की उठान न होने पाने से खरीद बंद होने की खबर को जिम्मेदारों ने गंभीरता से लिया है। शनिवार को अफसरों ने गेहूं की उठान कराने के साथ ही खरीद शुरू करा दी। अब किसानों को इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
क्रय केंद्रों पर किसानों को परेशानी न हो और गेहूं सुरक्षित रखा जाए, इस पर अफसर जोर दे रहे हैं। लेकिन गेहूं खरीद केंद्रों पर अव्यवस्था की शिकायतें रोजाना सामने आ रहीं हैं। बेला के पीसीएफ केंद्र पर कई दिन से गेहूं की उठान न होने से खरीद नहीं हो रही थी। केंद्र के बाहर किसान खरीद शुरू होने का इंतजार कर रहे थे।
किसानों की समस्या पर खबर प्रकाशित होने पर हरकत में आए अफसरों ने शनिवार सुबह ही खरीद केंद्र पर गेहूं की उठान करा गोदाम भिजवा दिया। टोकन पा चुके किसानों की तौल कराई गई। इससे किसानों के चेहरे पर खुशी नजर आई। केंद्र प्रभारी अविनाथ सिंह ने बताया कि शनिवार को एक हजार बोरी गेहूं की भरथना स्थित पीसीएफ गोदाम भेजी गईं हैं। किसानों का 150 क्विंटल गेहूं भी खरीदा गया है।