पुरानी कलेक्ट्रेट स्थित कांशीराम कालोनी में पिछले एक माह से ट्यूबवेल की बोरिंग धंस जाने से उत्पन्न पेयजल की समस्या से परेशान निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने पालिका परिषद पहुंचकर ईओ का घेराव किया कर हंगामा किया।
बाद में ईओ द्वारा निशुल्क टैंकर भेजे जाने की जानकारी मिलने पर मामला शांत हुआ। देर शाम नगर पंचायत प्रतिनिधि ने नलकूप ठीक करा दिया है।
सोमवार सुबह साढ़े सात बजे कांशीराम कालोनी निवासियों का पेयजलापूर्ति न मिलने के चलते सब्र का बांध टूट गया। नगर पालिका प्रशासन ने कांशीराम कालोनी वासियों के लिए पेयजल हेतु एक टैंकर भेजा।
तभी वहां रहने वाले एक व्यक्ति ने लोगों को यह कहकर पानी नहीं भरने दिया कि वह पालिका में 150 रुपये की पर्ची कटवाकर पानी टैंकर लाया है। इस पर लोगों में आक्रोश फूट पड़ा।
आक्रोशित लोग एकत्रित होकर नगर पालिका परिषद पहुंचे और वहां अधिशासी अधिकारी रमेश चंद्र शर्मा का घेराव कर लिया। लोगों के आक्रोश को देखते हुए ईओ ने तत्काल दो टैंकर पानी और भेज दिया। उन्होंने कांशीराम कालोनी निवासियों से ट्यूबवेल ठीक होने तक टैंकरों से पेयजलापूर्ति कराने का आश्वासन दिया।
आक्रोशित लोगों ने बताया कि एक माह से कालोनी स्थित ट्यूबवेल खराब है। थोड़ा-थोड़ा पानी आता है, उसमें भी पानी गंदा होता है। वहीं कालोनी में लगे हैंडपंप में अधिकांश खराब हैं, जिससे पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई है।
अध्यक्ष प्रतिनिधि ने मौजूद रहकर ठीक कराया ट्यूबवेल - औरैया। कालोनी में पेयजल की समस्या के चलते लोगों के आक्रोशित होने की जानकारी मिलते ही अध्यक्ष प्रतिनिधि लालजी शुक्ला मौके पर पहुंचे और खराब ट्यूबवेल को तत्काल ठीक कराने को इंजीनियरों की टीम लगवाई।
शुक्ला ने लोगों से वार्ता करते हुए उनकी परेशानी समझी और जल्द से जल्द स्थायी समाधान किए जाने का आश्वासन दिया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए हर हाल में समस्या का समाधान करने को कहा। साथ ही ट्यूबबैल ठीक न होने की स्थिति में एक नया ट्यूबबैल लगवाने का भी भरोसा दिया। शुक्ला ने देर रात तक स्वयं मौजूद रहकर ट्यूबबैल को ठीक कराया।
ईओ ने दिए खराब हैंडपंप ठीक कराने के निर्देश- औरैया। गरम मामला ठंडा करने को ईओ रमेश चंद्र शर्मा अपने अधीनस्थ विजय प्रताप मिश्रा, मनोज पुरवार, भीखम सिंह आदि के साथ कांशीराम कालोनी पहुंचे, जहां पर लोगों ने हैंडपंपों के खराब होने की जानकारी दी। इस पर ईओ शर्मा ने कर्मचारियों को जल्द से जल्द खराब हैंडपंपों को ठीक कराए जाने के निर्देश दिए।