औरैया। शहर में बृहस्पतिवार रात हुई बारिश ने नगर पालिका के नाला सफाई अभियान और जलभराव रोकने के दावों की हकीकत उजागर कर दी। कई मोहल्लों और कॉलोनियों में जलभराव की गंभीर स्थिति पैदा हो गई है। घरों और मंदिर में नालों का पानी भर गया।
बारिश के चलते शहर के पुरानी कलक्ट्रेट परिसर और आवास विकास स्थित कांशीराम कॉलोनी में जलभराव हो गया। निचले हिस्सों में रहने वाले लोगों के घरों में नालों का पानी घुसने से घरेलू सामान खराब हो गया। वहीं जेसीज चौराहे के समीप स्थित मां काली माता मंदिर में भी पानी भर जाने से सुबह पूजा-अर्चना करने गए श्रद्धालुओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
मोहल्ला नारायणपुर की कई गलियां पूरी तरह जलमग्न हो गईं, इससे सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ा। मोहल्ला बनारसीदास में भी शुक्रवार सुबह तक सड़कों से पानी नहीं निकल सका। राहगीरों, दुकानदारों और वाहन चालकों को इसी जलभराव के बीच से आवागमन करना पड़ा। लोगों का आरोप है कि नालों की सफाई केवल कागजों तक सीमित रही, इससे नालियां कचरे से पटी पड़ी हैं।
लोग बोले-हर साल का यही रोना है
जलनिकासी की कोई उचित और स्थायी व्यवस्था नहीं है। नगर पालिका हर बार सिर्फ दावे करती है लेकिन धरातल पर काम शून्य है। हर साल का यही रोना है। - महेश कुशवाहा, नरायनपुर
गायत्री नगर मोहल्ले का हाल सबसे ज्यादा बेहाल है। चारों तरफ गंदगी फैली है और सड़कों पर पानी भरा हुआ है। नगर पालिका को तुरंत सुध लेनी चाहिए। -रामभवन, गायत्री नगर
नगर पालिका द्वारा नालों की सफाई के लिए अभियान चलाया था। कुछ स्थानों पर नालियां चोक हाेने की जानकारी मिली है। वहां पर टीम भेजकर स्थायी समाधान निकाले जाने का प्रयास किया जा रहा है। - अनूप गुप्ता, पालिकाध्यक्ष
फोटो -31- कांशीराम कॉलोनी के निचले हिस्से में भरा गंदा पानी। संवाद
फोटो -31- कांशीराम कॉलोनी के निचले हिस्से में भरा गंदा पानी। संवाद
फोटो -31- कांशीराम कॉलोनी के निचले हिस्से में भरा गंदा पानी। संवाद