संवाद न्यूज एजेंसी
औरैया। शहर आर्यनगर वार्ड स्थित पानी की टंकी की मोटर गुरुवार रात वोल्टेज के उतार-चढ़ाव के दौरान अचानक मोटर फुंक गई। शुक्रवार को आर्यनगर वार्ड में जलापूर्ति न आने से ढाई हजार की आबादी पर पानी का संकट रहा। इसे दूर करने के प्रयास में पालिका के कर्मचारी जुटे रहे।
शहर के आर्यनगर वार्ड में स्थित पानी की टंकी से आर्यनगर मोहल्ला समेत बदनपुर व भीखमपुर मोहल्लों में जलापूर्ति दी जाती है। गुरुवार रात आठ बजे के करीब पानी की टंकी में पानी भरने के दौरान अचानक मोटर बंद हो गई जो दोबारा नहीं चल सकी। सूचना पर शुक्रवार तड़के जलकल बाबू समेत मरम्मत कर्मी टंकी पर पहुंचे। जहां जांच-पड़ताल की गई।
मोटर फुंकने की बात सामने आने पर पाइपों को निकालते हुए मरम्मत कार्य को शुरू किया गया। देर शाम तक कर्मचारी जुटे रहे। इस सब के बीच तीनों मोहल्लों में रहने वाली तकरीबन ढाई हजार की आबादी को शुक्रवार को सप्लाई सुचारू ढंग से नहीं मिल सकी। वहीं शनिवार को भी सप्लाई प्रभावित रहने की संभावना है।
जल संकट को दूर करने के लिए देर रात तक कवायद जारी रही। नगर पालिका अध्यक्ष अनूप गुप्ता ने बताया कि मोटर फुंकने पर कर्मचारियों को मरम्मत के लिए भेजा गया है। जल्द खराबी को दूर कराते हुए जलापूर्ति बहाल कराई जाएगी।