फोटो-42-चौपाल में मौजूद महिलाएं व अन्य। संवाद
डीएम ने जन चौपाल में सुनीं शिकायतें दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
अटसू। डीएम डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने चिटकापुर में आयोजित जनचौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और विभागीय अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। डीएम ने ग्रामीणों की मांग पर डीसी मनरोगा को गांव में खेल मैदान का निर्माण कराने का निर्देश दिया।
डीएम ने स्वास्थ्य व्यवस्था की समीक्षा करते हुए एएनएम व आशा को गर्भवती महिलाओं और बच्चों का नियमित टीकाकरण कराने तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को पोषण किट वितरण करने को कहा। विद्युत विभाग को 16 नवंबर को कैंप लगाकर बिजली से संबंधित समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए। पशु चिकित्सा अधिकारी को पशुओं का टीकाकरण और कृषि विभाग को अधिक से अधिक फार्मर रजिस्ट्री कराने को कहा।
उन्होंने विधवा, वृद्धा, दिव्यांग एवं निराश्रित पेंशन योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली तथा पंचायत सहायक को पात्र व्यक्तियों के आवेदन व केवाईसी कराने के निर्देश दिए। जल निगम को हर घर जल योजना के तहत 30 दिसंबर तक जल आपूर्ति और छूटे हुए घरों में 20 दिसंबर तक कनेक्शन सुनिश्चित करने को कहा। ग्रामीणों द्वारा खेल मैदान की मांग पर डीएम ने डीसी मनरेगा को ग्राम में खेल मैदान का निर्माण कराने को कहा। इस दौरान कई विभागीय अधिकारी, ग्राम प्रधान व भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।