औरैया। हॉटस्पॉट घोषित खानपुर कस्बे के मोहल्ला आंबेडकर नगर का सरकारी हैंडपंप लॉकडाउन के दूसरे दिन से खराब पड़ा है। इससे यहां के लोगों के सामने पीने के पानी का संकट गहरा गया है। मोहल्ले के लोगों ने चेतावनी दी है कि जल्द ही समस्या का निस्तारण न हुआ तो वह लॉकडाउन का उल्लंघन करने को बाध्य होंगे।
चार जमातियों के कोरोना पॉजिटिव मिलने पर खानपुर कस्बा सबसे पहले हॉटस्पॉट घोषित किया गया था। कस्बे के मोहल्ला आंबेडकर नगर के बाशिंदों ने शनिवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट डाली है, जिसमें मोहल्ले के नीरज सिंह ने कहा है कि मोहल्ले में लगा एक मात्र सरकारी हैंडपंप लॉकडाउन के दूसरे दिन ही ही खराब पड़ा है। इससे पानी का संकट गहराया हुआ है।
खराब हैंडपंप की जानकारी जिला स्तरीय और तहसील स्तरीय कंट्रोल रूम को दी गई, लेकिन समस्या का निस्तारण नहीं किया गया है। मोहल्ले की शकुंतला देवी व ममता ने बताया कि लॉकडाउन के चलते वह दूर पानी लेने भी नहीं जा सकती। ऐसे में उनके सामने पानी की समस्या खड़ी हो गई है।