औरैया। वेस्ट टू वंडर की तर्ज पर कबाड़ और बेकार वस्तुओं से आकार ले रहा खिलमिल पार्क अब अंतिम चरण में है। करीब 4.75 करोड़ रुपये की लागत से सात एकड़ में फैला यह पार्क युवाओं, बच्चों और पर्यटकों के लिए आकर्षण का मुख्य केंद्र बनेगा। पार्क बनने को लेकर युवाओं में सेल्फी और रील बनाने के शौकीनों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
पार्क को अत्याधुनिक रूप देने के लिए कारीगर दिन-रात काम में जुटे हैं। इसमें बच्चों के मनोरंजन से लेकर ऐतिहासिक धरोहरों की झलक देखने को मिलेगी। पालिकाध्यक्ष अनूप गुप्ता ने बताया कि खिलमिल पार्क का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। इसके लिए लगातार प्रगति रिपोर्ट भी देखी जा रही है। ताकि जिले को जल्द ही मनोरंजन का एक बेहतर स्थान मिल सके।
-
पार्क में यह रहेगा खास:
डाकू-पुलिस सेल्फी पॉइंट: गब्बर सिंह, शोले के ठाकुर व विजय, चुलबुल पांडेय के साथ-साथ फूलन देवी, निर्भय सिंह गुर्जर और पान सिंह तोमर के कटआउट्स।
सात अजूबे : एफिल टावर, टावर ऑफ पीसा, पिरामिड, कॉलेजियम, क्राइस्ट द रीडेमर, स्टेच्यू ऑफ लिबर्टी और ताजमहल की आकृतियां।
विरासत जोन: गेंदालाल दीक्षित, गांधीजी का औरैया आगमन, देवकली मंदिर, गौरैया मंदिर और संकट मोचन मंदिर की झांकियां।
किड्स जोन: बस, ट्रक और जेसीबी के आकार में बच्चों के लिए खास झूले व फिसल पट्टी।
रील और कंटेंट क्रिएटर्स के लिए बेहतरीन सौगात
औरैया में इस स्तर का पार्क बनना बेहद गर्व की बात है। वेस्ट टू वंडर थीम पर बने डाकू-पुलिस सेल्फी पॉइंट और दुनिया के सात अजूबे रील बनाने वालों के लिए सबसे पसंदीदा स्पॉट साबित होंगे।
-हरिओम
पर्यावरण और कला का अनूठा संगम
कबाड़ से इतनी खूबसूरत कलाकृतियां तैयार करना तारीफ के काबिल है। ऐसा पार्क हमारे शहर में होना हम सभी युवाओं के लिए बेहद खास और उत्साहजनक है।
-पीयूष भारद्वाज
पर्यटन को मिलेगी नई पहचान
खिलमिल पार्क न केवल युवाओं को लुभाएगा, बल्कि शहर के पर्यटन को भी नई ऊंचाई देगा। यहां स्थानीय धरोहरों और मंदिरों की झांकियां देखना बेहद सुखद अनुभव रहेगा।
-आयुष
-
हर वर्ग के लिए मनोरंजन का पूरा इंतजाम
बच्चों के लिए जेसीबी और ट्रक के आकार के झूले से लेकर बड़ों के लिए विरासत जोन तक, हर उम्र के लोगों के लिए यहां कुछ न कुछ खास है। हम इसके शुरू होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
-अभिनेंद्र प्रताप
फोटो -15- पार्क में काम करते श्रमिक। संवाद
फोटो -15- पार्क में काम करते श्रमिक। संवाद
फोटो -15- पार्क में काम करते श्रमिक। संवाद
फोटो -15- पार्क में काम करते श्रमिक। संवाद