दिबियापुर (औरैया)। ईंधन व पर्यावरण को बचाने के लिए रविवार को आयोजित वॅाकेथॅान में गेल विहार आवासीय कालोनी में बड़ी संख्या में लोग जुटे और उन्होंने पैदल चलकर पर्यावरण को स्वस्थ रखने व शरीर को फिट रखने का संदेश दिया। लोग हाथों में विभिन्न नारे लिखी तख्तियां लेकर चल रहे थे।
गेल इंडिया लिमिटेड ने संरक्षण क्षमता महोत्सव (सक्षम) के तहत हरित और स्वच्छ ऊर्जा अपनाएं, आजादी का अमृत महोत्सव मनाएं नारा देकर वॉकेथॉन का आयोजन किया। सुबह छह बजे गेल विहार आवासीय कालोनी में बड़ी संख्या में लोग जुटे।
अपर जिलाधिकारी रेखा एस चौहान ने वॉकेथॉन में जुटे लोगों को पेट्रोलियम उत्पादों के संरक्षण के लिए सतत प्रयत्नशील रहने एवं अन्य लोगों को भी जागरूक करने की शपथ दिलाई। गेल पाता के कार्यकारी निदेशक एवं प्रभारी अजय त्रिपाठी ने कहा कि हम सभी जानते हैं कि पेट्रोलियम उत्पाद सीमित मात्रा में हैं।
वॉकेथॉन का उद्देश्य है ऊर्जा संरक्षण। बेहतर स्वास्थ्य एवं पर्यावरण के साथ-साथ आने वाली पीढ़ी के लिए पेट्रोलियम एवं गैस उत्पादों की उपलब्धता बनाए रखने के लिए जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने पेट्रोलियम उत्पादों के संरक्षण के लिए अधिकाधिक पैदल चलने, एक स्थान पर जाने के लिए वाहनों में सहभागिता (पूल सिस्टम) अपनाने पर बल दिया। अधिकाधिक पैदल चलने से शरीर भी स्वस्थ रहेगा।
बताया कि देश के कई शहरों में इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। यहां जुटे लोगों को एडीएम रेखा एस चौहान, गेल के कार्यकारी निदेशक अजय त्रिपाठी, सीओ सुरेंद्र नाथ यादव ने झंडी दिखाकर वॉकेथॉन के लिए रवाना किया। सभी हाथों में विभिन्न नारे लिखीं तख्तियां लेकर औरैया-दिबियापुर रोड पर राघव पंप तक गए और लौटे। अंत में कार्यक्रम स्थल पर एक लकी ड्रा का आयोजन किया गया।
इसमें 20 प्रतिभागियों को लकी ड्रा के बाद फुटबाल दी गई। प्रभारी अधिकारी कंप्रेसर स्टेशन उपल सेन गुप्ता, सीजीएम परिवेश चुघ, सीजीएम संजय कुमार मेहरोत्रा, सीजीएम रवि मेहरोत्रा, सीजीएम अनूप गुप्ता, सीजीएम आलोक कुमार जैन, महाप्रबंधक डॉ. एसके सिंह, महाप्रबंधक मानव संसाधन शशांक सक्सेना, डिप्टी कमांडेंट सीआईएसएफ रितेश कुमार रॉय समेत कई अधिकारियों ने सहभागिता कर पेट्रोलियम पदार्थों के संरक्षण पर जोर दिया।
ये बने लकी ड्रा के विजेता
आलोक जैन, नेहा दंडवानी, अर्चना त्रिपाठी, अंशुल जैन, सुनंदा वनर्जी, वसंत लाल यादव, संदीप, उपनिरीक्षक नीरज शर्मा, मौनीलाल, विनीता प्रसाद, टी.सारदा, आदर्श, यतेंद्र सिंह, रेखा सिंह, नईम बख्स, आरसी पतरा, सुशांत, सुभी त्रिपाठी
लकी ड्रा के विजेताओं के साथ वॉकेथॉन में जुटे अधिकारीगण। संवाद- फोटो : AURAIYA