बेला। गर्मी की छुट्टी में परिवार सहित देवी माता के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालु कंफर्म टिकट न मिलने से परेशान हैं। फफूंद रेलवे स्टेशन पर कोरोना काल में टाटामूरी एक्सप्रेस को बंद कर दिया गया था। इसके बाद से औरैया के श्रद्धालुओं को अब कानपुर, इटावा जाना पड़ता है।
इटावा व कानपुर से गुजरने वाली टाटामूरी जम्मूतवी एक्सप्रेस, सूबेदारगंज जम्मूतवी, कानपुर जम्मूतवी में वेटिंग का आंकड़ा 150 के पार हो गया है। ऐसे में या तो यात्रा स्थगित कराने या तत्काल कोटे का टिकट बुक करवाने की कोशिश में लोग जुटे हैं। इलाहाबाद-कानपुर-टूंडला रेल ट्रैक पर जम्मूतवी के लिए सिर्फ सूबेदारगंज-जम्मूतवी, टाटा मूरी जम्मूतवी एक्सप्रेस, कानपुर जम्मूतवी का संचालन फफूंद होकर होता है।
गर्मी की छुट्टी में माता वैष्णो देवी कटरा जाने वाली ट्रेनों में कंफर्म टिकट नहीं मिल रहा है। माता के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं और जम्मू कश्मीर के अन्य यात्रियों को परेशानी हो रही है। दोनों ट्रेनों में कंफर्म टिकट नहीं है।
-
तत्काल कोटे में भी टिकट नहीं
शुक्रवार को स्टेशन पर मिले बेला निवासी अमित कुमार ने बताया कि परिवार समेत दर्शन को जाने के लिए टिकट बुक करवाने आए थे। तत्काल कोटे से भी टिकट बुक नहीं हो पाया। कमोवेश यही हाल अनिरुद्ध मिश्रा, शिवम गुप्ता, शिवकुमार समेत अन्य यात्रियों का था।