रुरुगंज (औरैया) में अछल्दा-बिधूना मार्ग पर पसुआ मार्ग के करीब शनिवार शाम 33 व 11 केवी के तार टूटकर सड़क पर गिर गए। तार टूटकर गिरते ही हड़कंप मच गया। राहगीर भागकर दूर जा खड़े हुए। आसपास के दुकानदार भी दूर चले गए। आवागमन एक घंटे तक बाधित रहा।
सोहनी बिजली उपकेंद्र को जाने वाली 33 केवीए की लाइन का एक तार इंसुलेटर खराब होने से टूटकर एक सबमर्सिबल को जाने वाली 11 केवीए की लाइन पर जा गिरा। इससे दोनों तार टूटकर अछल्दा-बिधूना मार्ग के बीचो-बीच सड़क पर जा गिरे। तारों के सड़क पर गिरते ही तेज चिंगारी निकलने लगी। गनीमत रही कि तार गिरने के दौरान उधर से कोई गुजर नहीं रहा था। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
सड़क पर तार गिरते देख दोनों तरफ आने-जाने वाले वाहन दूर ही रुक गए। देखते ही देखते भीड़ लग गई। आनन-फानन में सूचना बिजली विभाग के अधिकारियों को दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे एसडीओ मुकेश कटियार व जेई रवि वर्मा ने कर्मचारियों को बुलवाया। पानी बरसने के कारण हादसे का खतरा देख पुलिस ने मार्ग पर आवागमन बंद करा दिया। एक घंटे तक मार्ग बंद रहा। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम जैसा नजारा दिखने लगा।
साढ़े छह बजे पहुंचे लाइनमैनों ने तार जोड़ने का काम शुरू किया। लगभग पांच घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही। तार जुड़ने के बाद आवागमन चालू कराया गया। तार टूटने से अछल्दा, रुरुगंज, मोहम्मदाबाद, सोहनी, देवराव, रुरुकला फीडर बंद हो गए। इस संबंध में बिधूना एसडीओ मुकेश कटियार ने बताया कि भारी बारिश के कारण 33 केवीए का एक तार टूटकर नीचे से निकली 11 हजार की लाइन पर जा गिरा था। हालांकि कोई बड़ा हादसा होने से बच गया। लाइनमैनों को बुलाकर तार ठीक करा दिया गया।