पावर हाउस के बाहर बैठे ग्रामीण। स्रोत:ग्रामीण
कुदरकोट। क्षेत्र के धनवली, सुखताल, भेसलोड समेत कई गांवों में पिछले दो-तीन दिनों से बिजली की लगातार ट्रिपिंग और कटौती से ग्रामीण बेहाल हैं। घंटों आपूर्ति बहाल न होने से भीषण गर्मी और उमस के बीच लोगों का जीना मुहाल हो गया है। बिजली न रहने से घरेलू कामकाज और पेयजल व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। किसान दीपक ने बताया कि खेतों में फसल तैयार खड़ी है, लेकिन बिजली न मिलने से सिंचाई में दिक्कत आ रही है।
समस्या से आक्रोशित 50 से अधिक ग्रामीण सोमवार को कुदरकोट पावर हाउस पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीण करीब पांच घंटे तक पावर हाउस परिसर में डटे रहे और जल्द से जल्द आपूर्ति सुचारु कराने की मांग करते रहे। हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस और विद्युत निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जल्द समाधान का आश्वासन देकर मामला शांत कराया।
जेई जितेंद्र कुमार ने बताया कि लाइन में आ रही खराबी को दूर कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है। कार्य में लापरवाही बरतने के आरोप में संबंधित लाइनमैन को चेतावनी पत्र जारी किया गया है। उन्होंने सख्त हिदायत दी कि भविष्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।