थाना दिबियापुर के ग्राम नौगंवा में आधा दर्जन बदमाशों को भैंस चुराकर लोडर में ले जाते समय ग्रामीणों ने दबोच लिया। ग्रामीणों ने दो-तीन बदमाशों की पकड़कर जमकर धुनाई की, लेकिन बदमाश बाइक व एक डबल बैरल बंदूक छोड़कर मौके से भाग निकले। ग्रामीणों ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ग्राम नौगंवा में आधा दर्जन से अधिक बदमाश लोडर व दो बाइकों पर सवार होकर गांव में घुस आए। बदमाशों ने गांव के राधेश्याम के घर के बाहर बंधी कीमती भैंस को खोल लिया। बदमाश भैंस को लोडर पर लादने लगे, तभी एक ग्रामीण जाग गया और उसने बदमाश को पकड़ने का प्रयास किया। चीखपुकार सुनकर मौके पर अन्य ग्रामीण आ गए।
ग्रामीणों ने दो-तीन बदमाशों की पिटाई की, लेकिन अंधेरा फायदा उठाकर बदमाश किसी तरह से बच निकले। बदमाश अपनी बाइक व एक डबल बैरल बंदूक मौके पर छोड़ गए। ग्रामीणों ने दिबियापुर थाने में मामले की तहरीर देते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वहीं ग्रामीणों ने गांव में गश्त बढ़वाए जाने की मांग की है। ग्रामीणों ने बरामद बाइक व बंदूक दिबियापुर थानाध्यक्ष फहीम अख्तर के सुपुर्द कर दी है। घटना के संबंध में दिबियापुर थानाध्यक्ष फहीम अख्तर ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।