औरैया। कोतवाली क्षेत्र के गांव इकौरापुर में मंगलवार की सुबह एक ग्रामीण ने गांव के बाहर स्थित सरकारी ट्यूबवेल की छत पर फंदे से लटक कर जान दे दी। कोतवाली पुलिस ने छानबीन की। परिजन ने परिवार के लोगों पर हत्या करने की आशंका जताई है।
गांव इकौरापुर निवासी गिरेंद्र सिंह (54) मानसिक रूप से अस्वस्थ थे। मंगलवार सुबह जब ग्रामीण खेतों की तरफ गए तो उन्होंने ट्यूबवेल की छत पर गिरेंद्र का शव फंदे से लटका देखा। ग्रामीणों के शोर मचाने पर मृतक के परिजन और अन्य ग्रामीण मौके पर जुट गए।
पुलिस की पूछताछ में परिजन ने बताया कि गिरेंद्र के मानसिक रूप से बीमार होने के कारण गांव के कुछ लोग उन्हें अक्सर चिढ़ाते थे। इससे परेशान होकर वह कभी-कभी गाली-गलौज कर देते थे। सोमवार को इसी बात को लेकर एक पड़ोसी ने कोतवाली पुलिस में शिकायत कर दी थी। पुलिस जांच के लिए गांव भी पहुंची थी लेकिन उस समय गिरेंद्र घर पर नहीं मिले थे। ॉ
चार भाइयों में सबसे बड़े गिरेंद्र सिंह की एक बेटी अलका है, जिसकी शादी हो चुकी है। इस घटना को लेकर परिजन ने परिवार के लोगों ही पर हत्या की आशंका जताई है। कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजन को सौंप दिया गया है। फिलहाल परिजन की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।