औरैया। एक व्यक्ति ने पहले ग्राम समाज की आंशिक ऊसर जमीन पर कब्जा कर लिया। इसके बाद चारदीवारी बनाकर गेट लगवा दिया। बाद में उसे पैतृक जमीन बताकर बेच दिया।
शिकायत के बाद हुई जांच में फर्जीवाड़ा सामने आ गया। क्षेत्रीय लेखपाल की तहरीर एरवाकटरा थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामला ग्राम पंचायत नगला दौलतपुर का है। बिधूना तहसील के राजस्व गांव नगला दौलतपुर में गाटा संख्या 098/0.606 हेक्टेअर राजस्व अभिलेखों में ऊसर दर्ज है।
इस जमीन के कुछ हिस्से पर ग्राम का अरसा निवासी मातादीन ने करीब 20 साल पहले कब्जा कर लिया। इसके बाद चारदीवारी बनाकर गेट व टिनशेड लगवा लिया था।
कुछ साल पहले मातादीन ने जमीन को पैतृक बताकर ग्राम का अरसा निवासी कृष्णा देवी पत्नी अमित कुमार को बैनामा कर दिया। जून 2025 में जनपद कन्नौज के छिबरामऊ निवासी बबलू शाक्य ने मामले की शिकायत डीएम से की। इसके बाद जांच के आदेश हुए तो जांच में शिकायत सही मिली।
मामले में एसडीएम बिधूना ने कुकरकाट क्षेत्र के लेखपाल धर्मेंद्र कुमार को पुलिस में एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए। थाना अध्यक्ष जीतमल ने बताया कि लेखपाल की तहरीर के आधार पर मातादीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।