औरैया। अजीतमल में तैनात बिजली विभाग के जेई का रिश्वत लेने का वीडियो सोशल मीडिया पर सोमवार वायरल हो गया। मामले को संज्ञान में लेते हुए चीफ इंजीनियर कानपुर ने जेई को निलंबित कर दिया है। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच के निर्देश दिए हैं।
बिजली विभाग अजीतमल में तैनात जेई राजवीर का किसी व्यक्ति से काम कराने के लिए रिश्वत लेते हुए एक वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होते ही बिजली विभाग में खलबली मच गई। मामला चीफ इंजीनियर कानपुर असलम हुसैन तक पहुंचा तो जेई राजवीर के खिलाफ उन्होंने निलंबन की कार्रवाई की।
वायरल वीडियो में दो व्यक्तियों द्वारा जेई राजवीर से किसी कनेक्शन को कराने के एवज में तीन हजार रुपये देने की बात करने की आवाजें आ रही हैं। जबकि जेई हाथों से रुपये लेते और जेब में रखते दिख रहे हैं। इसके साथ ही रुपये देने वाले की ओर से कनेक्शन के संबंध में किए जा रहे प्रश्नों के उत्तर भी देते दिख रहे हैं। हालांकि वायरल वीडियो की संवाद न्यूज एजेंसी पुष्टि नहीं करता है। वहीं चर्चा यह भी रही कि वायरल वीडियो दो साल पुराना है। बताया कि पूर्व में भी यह वीडियो वायरल हुआ था लेकिन तब किसी ने संज्ञान में नहीं लिया था। अब एक बार फिर से वीडियो के सोशल मीडिया पर आते ही चीफ इंजीनियर कानपुर ने कार्रवाई की है।
बोले जिम्मेदार
जेई अजीतमल राजवीर के खिलाफ भ्रष्टाचार का आरोप है। उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। जिसको लेकर चीफ इंजीनियर कानपुर की ओर से संबंधित जेई के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है। साथ ही विभागीय जांच के भी निर्देश दिए गए हैं।- बृज मोहन, अधीक्षण अभियंता विद्युत विभाग, औरैया।