चार चरणों में हुए ग्राम पंचायत चुनाव के मतों की गिनती सुबह सात बजे शुरू हो रही है। आयोग के निर्देश पर जिला निर्वाचन प्रशासन की ओर से ग्राम पंचायत चुनाव की मतगणना कार्य के सीधे प्रसारण के साथ सीसीटीवी कैमरों के साथ वीडियोग्राफी किए जाने का इंतजाम किया गया है।
मतगणना कार्य शांतिपूर्वक कराने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन प्रशासन ने दावेदारों के विजयी जुलूस निकाले जाने पर पाबंदी लगाई है। इसके लिए निर्वाचन प्रशासन की ओर से मतगणना स्थल पर आने वाले दावेदारों से पांच लाख रुपये का जुर्माना मुचलका भी भरवाया जाएगा।
जिले में ग्राम पंचायत चुनाव में डाले गए मतों की गिनती के लिए ब्लाकवार सात गणनास्थल बनाए गए हैं। एरवाकटरा की मतगणना गांधी इंटर कालेज, एरवाकटरा, बिधूना की पब्लिक इंटर कालेज, बिधूना, भाग्यनगर की राजकीय बालिका इंटर कालेज, दिबियापुर, सहार की स्वामी विवेकानंद इंटर कालेज, सहार, अछल्दा की देहाती इंटर कालेज नेबिलगंज, अछल्दा, अजीतमल की जनता इंटर कालेज, अजीतमल तथा औरैया सदर ब्लाक की शहर के तिलक इंटर कालेज में मतगणना संपन्न कराए जाने की तैयारी पूरी कर ली गई है।
पंचायत चुनाव की पारदर्शिता व सुरक्षा बनी रहे इसके लिए आयोग के निर्देश पर जिला निर्वाचन प्रशासन की ओर से मतगणना का सीधा प्रसारण(वेब कासिटंग) के साथ ही स्ट्रांग रूम व गणना कक्ष में सीसीटीवी कैमरों के अलावा पूरे गणना कार्य की वीडियोग्राफी कराए जाने का प्रबंध किया गया है।
वहीं गणना स्थलों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। 200 मीटर के दायरे में अनाधिकृत व्यक्ति के प्रवेश पर रोक के साथ ही मतगणना परिसर में हुक्का-पानी के साथ ही दावेदारों और उनके गणना अभिकर्ता पर मोबाइल फोन का प्रयोग करने पर प्रतिबंध लगाया है। वहीं जिला निर्वाचन प्रशासन की ओर से मतगणना स्थल में प्रवेश करने को चार रंग के इंट्री पास जारी किए गए हैं। सुरक्षा कर्मियों को बिना इंट्री पास के किसी भी व्यक्ति को मतगणना स्थल पर प्रवेश न कराए जाने के आदेश जारी किए गए हैं।
ब्लाकवार की जाने वाली काउंटिंग पर एक नजर ---
---------------------------------------------------
ब्लाक ग्राम पंचायत प्रधान पद पड़े वोट
---------------------------------------------------
एरवाकटरा 46 462 69118
बिधूना 69 546 88416
सहार 65 543 90047
भाग्यनगर 73 682 94472
अछल्दा 61 680 87274
अजीतमल 68 641 80164
औरैया 95 897 102082
ग्राम पंचायत चुनाव की मतगणना सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सभी को आदर्श आचार संहिता का पालन करना अनिवार्य होगा।
अशोक कुमार सिंह
उप जिला निर्वाचन अधिकारी