फोटो 26एयूआरपी04- जेसीज चौराहे पर हरी सब्जियां देता दुकानदार
- फोटो : AURAIYA
हरी सब्जियों के दाम एकाएक बढ़ गए हैं। पखवारे भर के अंदर सब्जियों के दाम दो से तीन गुना बढ़े हैं। ऐसे में लोगों के भोजन की थाली से हरी सब्जियां दूर होने की नौबत खड़ी होने लगी है।
मंडी के सब्जी कारोबारियों का कहना है कि सहालग होने से भाव बढ़े हैं। वहीं, कोरोना संक्रमण से बचने के लिए डॉक्टर इम्युनिटी बढ़ाने के लिए हरी सब्जियों के साथ प्रोटीन युक्त खाद्य पदार्थ खाने की सलाह दे रहे हैं।
सब्जियों के दाम बढ़ने से लोगों को चिंता सताने लगी है कि ऐसे में वह कैसे इम्युनिटी बढ़ाएं। पखवारे भर से हरी सब्जियों के दामों में बढ़ोत्तरी देखने को मिल रही है। हरी सब्जियों के दामों अचानक दो से तीन गुना महंगी हो गई हैं।
लॉकडाउन के दौरान काम छिनने और ऐसे में अचानक हरी सब्जियों की बढ़ी कीमतों ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं हैं। सब्जी कारोबारी कल्लू ने बताया कि लोग हरी सब्जियां अधिक खरीद कर रहे हैं।
सहालग भी चल रही है है, ऐसे में मंडी में आवक न बढ़ने से फुटकर विक्रेताओं ने कीमतें बढ़ाईं हैं। व्यापारी नेता संजय दीक्षित ने बताया कि सब्जी के दामों में अचानक आई तेजी के मुख्य कारण सहालग का होना है।