बेला(औरैया)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पिछले पांच दिन से वैक्सीन लगवाने के लिए लोग नहीं पहुंच रहे थे। स्वास्थ्य टीम लोगों को जागरूक कर बुलाने पहुंच रही थी, तो लोग बीमारी का भय और बुखार आने की बात कह टीकाकरण में टाल मटोल कर रहे थे। गुरुवार को वैक्सीन को लेकर सख्ती बरती गई। वहीं 10 लोग टीकाकरण कराने पहुंचे।
बेला स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पिछले पांच दिन से सन्नाटा छाया है। अस्पताल में वैक्सीनेशन करने के लिए एएनएम, स्टाफ नर्स के साथ आशा प्रतिदिन पहुंच रही थी। एएनएम सिया गौतम ने बताया कि क्षेत्र के लोगों को फोन करके वैक्सीनेशन के लिए जागरूक किया जा रहा है। लेकिन कोई नहीं आ रहा है। अधिकांश लोग कोई न कोई बहाना बता कर वैक्सीनेशन कराने से मना कर रहे थे। गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग ने सख्ती भी दिखाई। इधर जिले की सीमा से सटे कन्नौज के उमर्दा गांव के 10 लोग दूसरी डोज लगवाने के लिए पहुंचे। पांच दिन से केंद्र पर टीकाकरण की स्थिति शून्य थी।