औरैया। कोरोना की तीसरी लहर से बचने के लिए प्रशासन टीका लगवाने के लिए लोगों को जागरूक कर रहा है लेकिन इसमें वैक्सीन की कमी आड़े आ रही है। क्लस्टर अभियान में रोजाना करीब 12 हजार टीके लगाने का लक्ष्य है लेकिन संख्या इसकी आधी ही छू रही है। शुक्रवार को भी वैक्सीन की कमी के कारण 6618 लोगों को ही टीका लग पाया।
शुक्रवार को जिले में कुल 126 सेंटरों पर टीकाकरण अभियान चलाया गया। अब तक दो लाख छह हजार 952 लोग टीका लगवा चुके हैं। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि प्रतिदिन मिलने वाली वैक्सीन से ही टीके लगाए जा रहे हैं। विभाग के पास कोविशील्ड नहीं बची है। उम्मीद है कि शनिवार को सात हजार डोज उपलब्ध हो जाएंगी।
जिले को मिल रही वैक्सीन के आधार पर टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। पहले की अपेक्षा लाभार्थियों की संख्या में इजाफा हुआ है। - डॉ. अशोक कुमार, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी